बिहारराज्य

कार्तिक पूर्णिमा से पहले पटना के गंगा घाटों पर सफाई तेज, दो दिन में निकला 28 टन कचरा

 पटना
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पटना नगर निगम ने गंगा घाटों की सफाई तेज कर दी है।

सोमवार से शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। दो दिनों के अभियान में घाटों की सफाई के दौरान 28 टन से अधिक कचरा निकाला जा चुका है।

सफाई के लिए पांचों अंचलों में 385 सफाईकर्मियों के साथ भारी मशीनरी और परिवहन संसाधन लगाए गए हैं।

इसके अलावा सफाई कार्य में जेसीबी, बाबकैट, मिनी हाइवा, क्लोज टिपर, ई-कार्ट और स्प्रिंकलर का इस्तेमाल किया जा रहा है। घाटों के अलावा सीढ़ियों, संपर्क मार्गों और आसपास के इलाकों की भी डीप क्लीनिंग कराई जा रही है।

सफाई अभियान के लिए पाटलिपुत्र अंचल में 170 कर्मियों के साथ छह जेसीबी, 10 मिनी हाइवा, दो हाइवा, तीन बाबकैट, 12 क्लोज टिपर और दो स्प्रिंकलर लगाए गए हैं।

पटना सिटी में 100 कर्मियों के साथ चार जेसीबी, दो मिनी हाइवा और एक हाइवा तैनात है। अजीमाबाद में 80 कर्मियों के साथ नौ जेसीबी, एक हाइवा, चार मिनी हाइवा और तीन स्प्रिंकलर लगाए गए हैं।

बांकीपुर में 30 कर्मियों के साथ तीन मिनी हाइवा, तीन बाबकैट और तीन ई-कार्ट से सफाई हो रही है। नूतन राजधानी अंचल में पांच कर्मियों के साथ एक जेसीबी और दो मिनी हाइवा लगाए गए हैं।

घाटों पर लगे सभी डस्टबिन टूटे
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रखे गए डस्टबिन को भी पिछले दो दिनों में असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है। निगम ने लोगों से पूजन सामग्री गंगा में विसर्जित नहीं करने की अपील की है।

गीले कचरे से घर के गमलों में खाद बनाने और सूखा कचरा निगम की गाड़ी में डालने का आग्रह किया गया है। निगम छठ महापर्व 2026 की जीरो वेस्ट पहल को आगे बढ़ाते हुए कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक निष्पादन कर रहा है।

रिड्यूज, रियूज और रिसाइकल की अवधारणा के तहत गंगा को प्रदूषण से बचाने और आयोजनों को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button