बिहारराज्य

हाजीपुर में बारिश और जलजमाव से केले की खेती बर्बाद, छठ पर बढ़ सकते हैं केले के दाम

 बिदुपुर
 हाजीपुर का नाम आते ही जुबान पर सहज ही केले का नाम आ जाता है। इस क्षेत्र का मालभोग, चिनिया हो या आलपान, सभी किस्मों के केले अपनी अलग पहचान और विशेषताओं के लिए जाने जाते रहे हैं।

क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों की आर्थिक स्थिति केले की खेती पर निर्भर है और केला बागान उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि, समय-समय पर आने वाली प्राकृतिक आपदाएं केला उत्पादक किसानों की कमर तोड़ देती हैं।

केला फसल को फसल बीमा में शामिल नहीं किए जाने के कारण किसानों को हर वर्ष आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। क्षेत्र से मालभोग एवं चिनिया प्रजाति के केले लगभग समाप्त हो चुके हैं। इस बीच लगातार बारिश और महीनों से खेतों में जलजमाव ने केला उत्पादकों की चिंता बढ़ा दी है।

चेचर, कुतुबपुर, मधुरापुर, मथुरा और गोखुला समेत कई जगहों पर सैकड़ों एकड़ भूमि में खासकर आलपान प्रजाति के पौधे गिर रहे हैं। केला उत्पादकों को भारी आर्थिक क्षति होने की आशंका है।

पौधों के गलकर गिरने से भविष्य में केले की किल्लत की संभावना जताई जा रही है। छठ पर्व के दौरान केले के घौद की कमी होने की भी आशंका है।

बिदुपुर प्रखंड के सैदपुर गणेश, कंचनपुर, पानापुर धर्मपुर, रजासन, पकौली, भैरोपुर, माइल पकड़ी, दाउदनगर, खिलवत, बिदुपुर, रामदौली, अमेर, विशनपुर राजखंड, शीतलपुर कमालपुर, मधुरापुर, नावानगर, चेचर, गोखुला, मथुरा, मजलिशपुर, कुतुबपुर और मनियारपुर सहित कई गांवों की हजारों हेक्टेयर भूमि में केले की खेती होती है।

हाजीपुर और राघोपुर में भी बड़े पैमाने पर खेती
हाजीपुर प्रखंड के सहदुल्लहपुर, कर्णपुरा, बाकरपुर, मदारीपुर, चंद्रालय, हरौली, अस्तीपुर और डुमरी में भी व्यापक स्तर पर केले की खेती की जाती है।

वहीं, राघोपुर प्रखंड के तेरसिया, सरायपुर और दीवानटोक सहित अन्य गांवों में भी केला प्रमुख फसल है, लेकिन बढ़ती उत्पादन लागत, कीट-व्याधियों के प्रकोप और बाजार की समस्याओं ने किसानों को धीरे-धीरे इस खेती से मुंह मोड़ने को बाध्य कर दिया है।

अब लगातार बारिश से खेतों में जलजमाव होने के कारण पौधे गलकर गिर रहे हैं। प्राकृतिक प्रकोप के बाद भी आर्थिक सहायता नहीं मिलने से किसान केला खेती को घाटे का सौदा मानने लगे हैं।

न पकाने का संयंत्र, न प्रसंस्करण उद्योग
क्षेत्र में सरकार की ओर से केला पकाने का कोई संयंत्र स्थापित नहीं किया गया है। न ही चिप्स एवं अन्य सामग्री बनाने के उद्योग-धंधे लगाए गए हैं। जबकि हाजीपुर प्रखंड के हरिहरपुर में केला अनुसंधान केंद्र स्थापित है।

केले के रेशे से विभिन्न प्रकार की वस्तुओं का निर्माण तो किया जाता है, लेकिन तकनीक का व्यापक विस्तार नहीं हो सका है। लोगों ने हाजीपुर में फल प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने की जरूरत बताई है।

भैरोपुर ड्योढ़ी निवासी सह सरपंच विनोद कुमार सिंह, चेचर निवासी चंद्रभूषण सिंह, बिदुपुर डीह निवासी शत्रुघ्न राय, मथुरा निवासी प्रमोद राय, गोखुला निवासी धीरज यादव, रामदौली निवासी रितेश कुमार सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, कमालपुर निवासी राम कुमार सिंह उर्फ मन्नू सिंह, अधिवक्ता दीनबंधु सिंह, विशनपुर राजखंड निवासी अभय सिंह, मधुरापुर निवासी टिंकज कुमार सिंह तथा बाजीतपुर सैदात निवासी अधिवक्ता गजेंद्र भगत सहित अन्य लोगों ने सरकार से केला फसल को फसल बीमा में शामिल करने की मांग की है।

दूसरे राज्यों से पहुंच रहा केला, बढ़ी कीमत
रजासन पंचायत के सरपंच, जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष सह बाजार समिति के गद्दीदार केला व्यापारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि छठ पर्व को लेकर पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम सहित अन्य प्रदेशों से केला बाजार समिति पहुंच रहा है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय खेतों में वर्तमान समय में केला 400 रुपये से लेकर एक हजार रुपये प्रति घौद तक बिकने की सूचना है।

जलजमाव के कारण केले की फसल को काफी क्षति पहुंची है, जिससे छठ व्रतियों को महंगा केला खरीदना पड़ रहा है। लोक आस्था के महान पर्व में लोग कीमत की परवाह किए बिना पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button